जगदलपुर, 24 अक्टूबर। बस्तर जिले में त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन को लेकर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन) कार्यालय द्वारा जिले के सात जनपद पंचायतों के अंतर्गत आने वाली 21 ग्राम पंचायतों में फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन 23 अक्टूबर 2026 को निर्धारित केंद्रों पर कर दिया गया है।
इस प्रक्रिया के तहत संबंधित क्षेत्रों के पात्र और छूटे हुए नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने, अपात्र अथवा दोहरी प्रविष्टि वाले नामों को हटवाने तथा नाम, आयु या पते में किसी भी प्रकार की त्रुटि के सुधार के लिए निर्धारित प्रपत्र में अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। दावा-आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर 2026 को दोपहर 3बजे तक तय की गई है।
जिले में त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचनमें विभिन्न रिक्त पदों के लिए यह प्रक्रिया संचालित की जा रही है, जिसमें कुल 21 पद शामिल हैं। इनमें जगदलपुर विकासखण्ड की ग्राम पंचायत माड़पाल में सरपंच पद शामिल है। इसी प्रकार बस्तर विकासखण्ड के अंतर्गत तथा नवा रतेंगा, सितलावण्ड, मुरकुची, कुम्हली एवं भोण्ड में पंच के 5 पद रिक्त हैं। बकावण्ड विकासखण्ड में चारगांव, गारेंगा और कोहकापाल, छोटे देवड़ा, नलपावण्ड, तारापुर व पोलेबेड़ा में पंच के 07 पद रिक्त हैं। लोहण्डीगुड़ा विकासखण्ड के मारीकोडेर तथा अलनार और तारागांव पंचायतों में पंच के कुल 03 पद शामिल हैं, वहीं बोदली ग्राम पंचायत में सरपंच पद का पद रिक्त है। इसके अलावा तोकापाल के केशलूर में पंच का पद रिक्त है। बास्तानार विकास खंड के जूनाटप्पा बड़े किलेपाल-03 तथा बड़े किलेपाल-01 में एक-एक पंच पद तथा दरभा विकासखण्ड के कामानार में 01 पंच पद के लिए नामावली प्रकाशित की गई है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि, वे समय-सीमा के भीतर प्रारंभिक मतदाता सूची का अवलोकन कर आवश्यकतानुसार अपने दावे व आपत्तियां अनिवार्य रूप से दर्ज कराएं, ताकि त्रुटिरहित निर्वाचक नामावली तैयार की जा सके।







