बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सेनन एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में आ गई हैं। इस बार चर्चा की वजह उनका एक सोशल मीडिया पोस्ट है, जिसके जरिए उन्होंने कारोबारी कबीर बहिया को जन्मदिन की खास बधाई दी है। कृति का यह पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा और फैंस के बीच दोनों के रिश्ते को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गईं। दरअसल, 19 नवंबर को कबीर बहिया ने अपना जन्मदिन मनाया। इस खास मौके पर कृति ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर कबीर की एक तस्वीर शेयर की और उसके साथ बेहद प्यारा संदेश लिखा। अभिनेत्री ने उन्हें 'Happy Birthday Cutie!' कहकर विश किया। इसके साथ उन्होंने रेड हार्ट और नजरबट्टू वाला इमोजी भी लगाया। कृति का यह छोटा-सा लेकिन खास अंदाज फैंस को काफी पसंद आ रहा है
कृति ने जो तस्वीर शेयर की, उसमें कबीर बहिया सूर्यास्त के खूबसूरत नजारे के सामने मजेदार अंदाज में पोज देते नजर आ रहे हैं। तस्वीर में उनका मस्तीभरा अंदाज देखने को मिल रहा है। कृति ने इस पोस्ट के जरिए भले ही ज्यादा कुछ नहीं लिखा, लेकिन उनका 'क्यूटी' कहना लोगों का ध्यान खींचने के लिए काफी रहा। सोशल मीडिया यूजर्स इस पोस्ट पर जमकर प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग दोनों की जोड़ी की तारीफ कर रहे हैं, तो कुछ उनकी शादी को लेकर सवाल पूछ रहे हैं। कई फैंस का मानना है कि कृति और कबीर के बीच खास बॉन्डिंग है, जो उनकी सोशल मीडिया पोस्ट और एक-दूसरे के साथ तस्वीरों में साफ दिखाई देती है
बता दें कि कृति सेनन और कबीर बहिया के रिश्ते को लेकर चर्चाएं साल 2024 से शुरू हुई थीं। दोनों को कई मौकों पर एक साथ देखा गया, जिसके बाद उनके डेटिंग की खबरें सामने आने लगीं। ग्रीस में छुट्टियां मनाने से लेकर पारिवारिक समारोहों और अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों तक, दोनों की साथ में मौजूदगी ने लगातार लोगों का ध्यान खींचा है। कबीर बहिया ब्रिटेन में रहने वाले कारोबारी हैं और उनका परिवार भी व्यवसाय से जुड़ा हुआ है। हालांकि, कृति और कबीर ने अभी तक अपने रिश्ते को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इसलिए दोनों के रिश्ते को लेकर सामने आ रही खबरों को फिलहाल अटकलों के तौर पर ही देखा जा रहा है।







