बांग्लादेश ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र (NID) से जुड़े एक नए पत्र पर सवाल उठाए हैं. बताया जा रहा है कि यह पत्र लंदन की कानूनी फर्म मैट्रिक्स चैंबर्स ने नई दिल्ली में बांग्लादेश के एक्टिंग हाई कमिश्नर को भेजा है. अब बांग्लादेश इस पत्र की सच्चाई की जांच कर रहा है
प्रधानमंत्री तारिक रहमान के राजनीतिक सहयोगी मोहम्मद राशेद खान ने आरोप लगाया है कि नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग को भेजे गए पत्र पर शेख हसीना के फर्जी हस्ताक्षर किए गए हैं. बांग्लादेश कई बार भारत से शेख हसीना को वापस सौंपने की मांग कर चुका है, लेकिन भारत ने उन्हें बांग्लादेश भेजने से इनकार किया है. शेख हसीना ने पहली बार अगस्त में ऐलान किया था कि वह दिसंबर में बांग्लादेश लौटेंगी.
मोहम्मद राशेद खान ने सवाल उठाया कि शेख हसीना से जुड़े आवेदन में अलग हस्ताक्षर कैसे इस्तेमाल किए जा सकते हैं. उनका कहना है कि किसी व्यक्ति के हस्ताक्षर सरकारी दस्तावेजों में दर्ज हस्ताक्षर जैसे ही होने चाहिए. खासकर राष्ट्रीय पहचान पत्र (NID) में दर्ज साइन से उनका मिलना जरूरी है








