नई दिल्ली, 19 नवंबर घरेलू कमोडिटी बाजार (मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज- एमसीएक्स) में आज सुबह के शुरुआती कारोबार के दौरान मिला-जुला रुख बना हुआ नजर आ रहा है। शुरुआती कारोबार में सोने और एल्यूमिनियम में गिरावट जारी है, जबकि चांदी और कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) में निचले स्तर से हल्की रिकवरी लौटती नजर आ रही है। इसी तरह बेस मेटल सेगमेंट में भी शुरुआती कारोबार के दौरान दबाव बना हुआ है।
अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अधिकारियों द्वारा ब्याज दरों पर सख्त रुख अपनाए जाने के संकेतों और डॉलर इंडेक्स की मजबूती के कारण सोने की कीमत पर आज लगातार दबाव बना हुआ है। इस दबाव का असर अंतरराष्ट्रीय बाजार (कॉमेक्स) से लेकर घरेलू कमोडिटी बाजार (एमसीएक्स) तक नजर आ रहा है। इसके विपरीत, पिछले सत्र की भारी गिरावट के बाद आज सुबह चांदी और कच्चे तेल में निचले स्तर पर खरीदारी होने से हल्की रिकवरी दर्ज की गई है।
सबसे पहले बात सोना और चांदी के कारोबार की। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर आज सुबह सोने और चांदी की चाल एक-दूसरे से अलग दिखाई दे रही है। दिसंबर डिलीवरी वाला सोना पिछले बंद भाव की तुलना में 495 से 518 रुपये यानी करीब 0.38 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,29,296 से 1,29,319 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार करता देखा गया। दूसरी ओर, चांदी की कीमत में निचले स्तर से हल्की तेजी आई है। इस तेजी के कारण दिसंबर कॉन्ट्रैक्ट वाली चांदी 383 से 406 रुपये यानी करीब 0.24 प्रतिशत मजबूत होकर 1,61,117 से 1,61,140 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर कामकाज कर रही है।
एनर्जी मार्केट में वैश्विक स्तर पर सप्लाई सरप्लस होने यानी आपूर्ति बढ़ने की संभावना के बीच कच्चे तेल की कीमत में सुबह सीमित दायरे का उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी हुआ है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 91.26 से 92.99 डॉलर प्रति बैरल के स्तर के आसपास कारोबार कर रहा है। इसी तरह अमेरिकी बेंचमार्क वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट यानी डब्ल्यूटीआई क्रूड 82.65 से 83.84 डॉलर प्रति बैरल के दायरे में स्थिर होने की कोशिश कर रहा है। घरेलू स्तर पर एमसीएक्स पर दिसंबर कॉन्ट्रैक्ट वाला कच्चा तेल 74 रुपये यानी 0.97 प्रतिशत की बढ़त के साथ 7,721 रुपये प्रति बैरल के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
औद्योगिक धातुओं यानी बेस मेटल सेगमेंट में भी आज सुबह सतर्कता और कमजोरी का माहौल कायम है। वैश्विक विनिर्माण मांग को लेकर बनी चिंताओं के बीच मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर एल्यूमिनियम वायदा कमजोरी के साथ 310.25 से 313.00 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर के आसपास कारोबार करता देखा गया। इसी तरह कॉपर वायदा भी पिछले सत्र के भारी दबाव के बाद 1,238 से 1,278 रुपये प्रति किलोग्राम के निचले दायरे में सुस्त बना हुआ है।
Breaking News
- डिग्री अवसर देगी, पहचान आपके स्किल से होगी : राजनाथ सिंह
- CII ने 2047 तक भारत के $26.5 ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को सपोर्ट करने के लिए फाइनेंशियल सेक्टर में 15 सुधारों का प्रस्ताव दिया
- अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि ईरान के साथ होने वाले किसी भी संभावित सौदे को अमेरिकी उम्मीदों पर खरा उतरना चाहिए।
- राष्ट्रपति मुर्मू, उपराष्ट्रपति ने राज्यसभा सांसद रामराव वडकुटे के निधन पर शोक व्यक्त किया
- मातृभूमि के रक्षक वीर दुर्गादास राठौड़
- स्प्राउट्स खाने के फायदे
- चार देशों की कबड्डी चैंपियनशिप में भारतीय अंडर-20 टीम की शानदार शुरुआत
- भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी दो दिवसीय प्रवास पर आज पहुंचेंगे रायपुर
- हिंद-प्रशांत से पड़ोस तक, भारत की कूटनीति ने कई मोर्चों पर दिखाई ताकत
- पाकिस्तान: खैबर पख्तूनख्वा के विधायकों के विशेष अधिकार खत्म, राष्ट्रपति ने जारी किए पांच अध्यादेश
शुरुआती कारोबार में एमसीएक्स पर सोने पर बना दबाव, चांदी और कच्चे तेल में रिकवरी का रुख








