आगामी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन की नई दिल्ली यात्रा से पहले, ईरान ने भारत को एक महत्वपूर्ण राजनयिक केंद्र बताया है। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि यह समूह द्विपक्षीय व्यापार और रणनीतिक सहयोग को गहरा करने के लिए एक मजबूत मंच प्रदान करेगा।
एक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघेई ने नई दिल्ली के साथ अपने दीर्घकालिक संबंधों के महत्व पर बल दिया। 12-13 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में राष्ट्रपति पेज़ेश्कियन की भागीदारी को देखते हुए प्रवक्ता बाघेई ने विश्वास व्यक्त किया कि बहुपक्षीय कूटनीति द्विपक्षीय संबंधों में प्रगति को और तेज करेगी।
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने शंघाई सहयोग संगठन -एससीओ और ब्रिक्स सहित प्रमुख बहुपक्षीय समूहों में भारत की प्रभावशाली भूमिका का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ईरान के नई दिल्ली के साथ विभिन्न क्षेत्रों में विशेष रूप से व्यापार और आर्थिक सहयोग में अच्छे संबंध हैं। द्विपक्षीय सहयोग के प्रमुख क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए प्रवक्ता बाघेई ने कनेक्टिविटी और लॉजिस्टिक्स बुनियादी ढांचे को दोनों देशों की प्रमुख प्राथमिकताओं के रूप में पहचान की है। इसमें उन्होंने रणनीतिक चाबहार बंदरगाह पर विशेष जोर दिया।








