सस्ता हुआ 19 किलो वाला कमर्शियल गैस सिलेंडर, जेट फ्यूल की कीमत में बढ़ोतरी
Breaking News

सस्ता हुआ 19 किलो वाला कमर्शियल गैस सिलेंडर, जेट फ्यूल की कीमत में बढ़ोतरी


व्यापार 01 August 2026
post

सस्ता हुआ 19 किलो वाला कमर्शियल गैस सिलेंडर, जेट फ्यूल की कीमत में बढ़ोतरी

नई दिल्ली, 01 अगस्त। सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने आज गैस उपभोक्ताओं को राहत देते हुए 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर को सस्ता कर दिया। दूसरी ओर, हवाई यात्रियों पर महंगाई का बोझ डालते हुए एवियेशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) यानी जेट फ्यूल की कीमत में बढ़ोतरी कर दी। इन दोनों उत्पादों के अलावा अन्य किसी भी पेट्रोलियम उत्पादों की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। एलपीजी गैस के मामले में भी सिर्फ कमर्शियल गैस सिलेंडर के भाव में कटौती की गई है, घरेलू उपयोग में आने वाले 14.2 किलोग्राम वाले एलपीजी सिलेंडर (रसोई गैस) के भाव में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

अगस्त के पहले दिन देश की ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलोग्राम वजन वाले कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत में कटौती कर दी है। इस कटौती के बाद आज से देश के अलग-अलग राज्यों में कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर 192 रुपये से लेकर 209 रुपये तक सस्ता हो गया है। कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत में सबसे कम 192 रुपये की कटौती दिल्ली में की गई है, जबकि कोलकाता में सबसे अधिक 209 रुपये की कटौती हुई है।

ऑयल मार्केटिंग कंपनी के अनुसार, कीमत में की गई कटौती के बाद दिल्ली में कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर 192 रुपये सस्ता होकर 2,930 रुपये की जगह 2,738 रुपये के भाव पर मिलने लगा है। इसी तरह मुंबई में कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर 194 रुपये सस्ता होकर 2,885.50 की जगह 2,691.50 रुपये के भाव पर मिल रहा है। कोलकाता में कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत में 209 रुपये की कटौती हुई है। कोलकाता में आज से 19 किलोग्राम वाला एलपीजी गैस सिलेंडर 3,081.50 रुपये की जगह 2,872.50 रुपये के भाव पर मिल रहा है।

इसके अलावा चेन्नई में कमर्शियल गैस सिलेंडर 200 रुपये सस्ता होकर 3,106 रुपये की जगह 2,906 रुपये के स्तर पर आ गया है। दिल्ली से सटे एनसीआर रीजन की बात करें तो नोएडा में कमर्शियल गैस सिलेंडर 192 रुपये सस्ता होकर 2,930 रुपये की जगह 2,738 रुपये की कीमत पर मिल रहा है, जबकि गुरुग्राम में 19 किलोग्राम वाला एलपीजी गैस सिलेंडर 192.50 रुपये सस्ता होकर 2,947.50 रुपये की जगह 2,755 रुपये के भाव पर मिल रहा है।

गैस सिलेंडर के सस्ता होने से रेस्टोरेंट, ढाबा या कैटरिंग सर्विस चलाने वाले कमर्शियल श्रेणी के उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। एलपीजी गैस की कीमत में यह कटौती सिर्फ कमर्शियल श्रेणी वाले सिलेंडर में ही की गई है। घरेलू उपयोग में आने वाले 14.2 किलोग्राम वाले सिलेंडर (रसोई गैस) के भाव में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

एक ओर तो कमर्शियल गैस सिलेंडर के भाव में कटौती की गई है, वहीं दूसरी ओर सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने आज से जेट फ्यूल यानी एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) की कीमत में प्रति लीटर पांच रुपये की बढ़ोतरी कर दी। इस बढ़ोतरी के बाद राजधानी नई दिल्ली में जेट फ्यूल की कीमत 110 रुपये प्रति लीटर से बढ़ कर 115 रुपये प्रति लीटर हो गई है। बल्क रेट की बात करें तो जेट फ्यूल की कीमत को 1.10 लाख रुपये प्रति किलोलीटर से बढ़ा कर 1.15 लाख रुपये कर दिया गया है। जेट फ्यूल की कीमत में की गई बढ़ोतरी से घरेलू एयरलाइंस की लागत में बढ़ोतरी होने की आशंका बन गई है।

किसी भी एयरलाइंस के ऑपरेटिंग कॉस्ट में लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा जेट फ्यूल का होता है। इसलिए अगर जेट फ्यूल की कीमत बढ़ती है तो एयरलाइन कंपनियों का ऑपरेटिंग कॉस्ट भी स्वाभाविक रूप से बढ़ जाता है। एयरलाइंस के ऑपरेटिंग कॉस्ट में बढ़ोतरी होने पर अब हवाई किराए में भी बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER