हॉकी में, भारतीय सब-जूनियर पुरुष और महिला टीमों ने कल मस्कट, ओमान में आयोजित एफआईएच यूथ हॉकी 5 एशियाई चैंपियनशिप 2026 में अपने-अपने अभियान की विजयी शुरुआत की। भारतीय महिला टीम ने टूर्नामेंट के पहले दिन कजाकिस्तान के खिलाफ अपना अभियान शुरू किया और 8-3 से जीत हासिल की। दीया की हैट्रिक की बदौलत महिला टीम ने आक्रामक खेल का दबदबा बनाए रखा। संदीप कुमारी और नौशीन नाज़ ने दो-दो गोल किए, जबकि नीलम टॉपनो ने भी एक गोल दागा।
दूसरी ओर, भारतीय पुरुष टीम ने भी टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को 7-3 से हराया। राहुल यादव, करण गौतम, कप्तान केतन कुशवाहा, रोमित पाल और प्रहलाद राजभर के गोलों की बदौलत भारत ने मैच के अधिकांश समय तक अपना दबदबा बनाए रखा। भारतीय टीमें पुरुष और महिला वर्ग के एलीट पूल में हैं। यह टूर्नामेंट एफआईएच यूथ हॉकी 5s विश्व कप के लिए एशियाई क्वालीफायर भी है।








