मियामी, 19 जुलाई । फीफा विश्व कप 2026 के तीसरे स्थान के मुकाबले में इंग्लैंड से 6-4 की हार के बाद फ्रांस के मुख्य कोच डिडिएर डेशां ने अपनी टीम के पहले हाफ के प्रदर्शन को "शर्मनाक" बताया। उन्होंने हार की पूरी जिम्मेदारी अपने ऊपर लेते हुए कहा कि टीम ने दूसरे हाफ में शानदार वापसी की कोशिश की, लेकिन तीसरे स्थान पर रहने का मौका गंवा दिया।
इंग्लैंड ने मियामी स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में फ्रांस को 6-4 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया। इस हार के साथ ही डेशां का 14 वर्षों का सफल कार्यकाल भी समाप्त हो गया।
मैच के बाद डेशां ने कहा, "यह हार है। हम 4-0 से पीछे थे। हमने पहला हाफ शर्मनाक खेला। हालांकि इसके बाद हमने जुझारूपन दिखाया और कई अच्छी चीजें भी कीं। हमारे पास स्कोर 4-4 से बराबर करने के दो मौके थे। उसके बाद हमने और अधिक आक्रामक खेल दिखाया। हमने वही करने की कोशिश की जो हम जानते हैं। इसकी जिम्मेदारी मेरी है। पहले हाफ में मैं वह नहीं कर पाया जो करना चाहिए था। कम से कम दूसरे हाफ में हमारी टीम ने अपना असली खेल दिखाया, भले ही हार का दर्द बना हुआ है। निश्चित रूप से तीसरे स्थान पर रहना बेहतर होता।"
फ्रांस पहले हाफ में 0-4 से पिछड़ गया था। दूसरे हाफ में किलियन एम्बाप्पे ने दो गोल किए, जबकि ब्रैडली बारकोला ने एक गोल कर स्कोर 4-3 कर दिया।
एम्बाप्पे के दो गोलों के साथ वह फीफा विश्व कप इतिहास में सर्वाधिक 22 गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए और उन्होंने लियोनेल मेसी को पीछे छोड़ दिया। हालांकि 87वें मिनट में बुकायो साका ने पेनल्टी पर अपना हैट्रिक पूरा कर इंग्लैंड को फिर बढ़त दिला दी। इसके बाद उस्मान डेम्बेले ने फ्रांस के लिए एक और गोल किया, लेकिन स्टॉपेज टाइम में जूद बेलिंगहैम ने गोल कर इंग्लैंड की 6-4 की जीत सुनिश्चित कर दी।
डेशां ने कहा, "हम यहां बड़े इरादों के साथ आए थे। हमने कई सकारात्मक चीजें भी कीं, लेकिन स्पेन के खिलाफ मैच में हम चूक गए। यह पूरा अभियान असफल नहीं कहा जा सकता। हमारे पास प्रतिभाशाली टीम है और युवा खिलाड़ी लगातार आगे बढ़ेंगे। हमारे पास और बेहतर परिणाम हासिल करने की क्षमता थी।"
उन्होंने आगे कहा, "व्यक्तिगत रूप से खिलाड़ियों के साथ यह सफर मेरे लिए बेहद शानदार रहा। तैयारी की शुरुआत से लेकर हमने आठ सप्ताह साथ बिताए और यह अनुभव यादगार रहा। खेल के लिहाज से निराशा जरूर है, लेकिन हमें करोड़ों फ्रांसीसी प्रशंसकों को भावनात्मक पल देने का अवसर मिला। विश्व कप से बढ़कर कुछ भी नहीं होता।"
14 वर्षों का सफल कार्यकाल हुआ समाप्त
डिडिएर डेशां ने वर्ष 2012 में फ्रांस की राष्ट्रीय टीम की कमान संभाली थी। उनके नेतृत्व में फ्रांस ने 2018 फीफा विश्व कप का खिताब जीता, 2022 विश्व कप के फाइनल में जगह बनाई और 2026 विश्व कप में सेमीफाइनल तक पहुंचा। हालांकि स्पेन से सेमीफाइनल में हार और इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे स्थान के मुकाबले में मिली हार के साथ उनका सफल कार्यकाल समाप्त हो गया।
Breaking News
- एमवी इलेक्ट्रोसिस्टम्स लिमिटेड का आईपीओ 30 जुलाई को खुलेगा, प्राइस बैंड 400–425 रुपये प्रति शेयर
- राष्ट्रपति भवन तक पहुँची बस्तर की गौरवगाथा, राष्ट्रपति मुर्मु करेंगी बस्तर पंडुम-2026 के विजेताओं का सम्मान
- कमला नेहरू कॉलेज में पीजी के विद्यार्थियों को फीस पर दी गई विशेष रियायत
- गांवों के समग्र विकास से ही विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प होगा साकार : CM विष्णुदेव साय
- आंध्र प्रदेश का मदनपल्ले किस प्रकार एक शून्य अपशिष्ट शहर का निर्माण कर रहा है?
- संसद में सरकार और विपक्ष के बीच गतिरोध टूटा
- मानसून इस सप्ताह अपना सबसे तीव्र रूप दिखाएगा, उपग्रह द्वारा ली गई तस्वीरों में इसके पहले संकेत मिले हैं।
- सीआरपीएफ की 88वीं वर्षगांठ पर 212वीं बटालियन में सैनिक सम्मेलन आयोजित
- सुकमा एसपी ने एमएससी में 90.50% अंक लाने वाली मुस्कान का किया सम्मान
- दरभा के जैगूर से गूंजा मन की बात प्रधानमंत्री के संदेश को सुनने उमड़ा जनसैलाब
इंग्लैंड से मिली हार के बाद फ्रांस के कोच डेशां ने कहा- हार की जिम्मेदारी मेरी








