उप मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन नालंदा परिसर व अमोड़ा-नरहरपुर सड़क निर्माण का लिया जायजा
Breaking News

उप मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन नालंदा परिसर व अमोड़ा-नरहरपुर सड़क निर्माण का लिया जायजा


शहर 07 June 2026
post

उप मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन नालंदा परिसर व अमोड़ा-नरहरपुर सड़क निर्माण का लिया जायजा

उत्तर बस्तर कांकेर। उप मुख्यमंत्री एवं जिला के प्रभारी मंत्री श्री साव ने कांकेर प्रवास के दौरान विभिन्न निर्माणाधीन कार्यों का आकस्मिक निरीक्षण किया तथा पूर्ण गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। श्री साव ने नगर के घड़ी चौक के समीप निर्माणाधीन नालंदा परिसर का स्थल निरीक्षण किया तथा मौके पर किए गए कार्यों की गुणवत्ता परखी। साथ ही संबंधित कार्य एजेंसी व मुख्य नगर पालिका अधिकारी को निर्देशित किया कि अक्टूबर 2026 तक हर हाल में निर्माण कार्य पूर्ण करें। उन्होंने नगर पालिका के सीएमओ से कहा कि अगली बार प्रवास के दौरान शहर की किसी भी गली का औचक निरीक्षण किया जाएगा तथा किसी प्रकार की गंदगी या अस्वच्छता पाए जाने पर संबंधित के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। श्री साव ने यह भी निर्देशित किया कि जिला मुख्यालय की गरिमा के अनुरूप कांकेर शहर में स्वच्छता एवं सुंदरता परिलक्षित होनी चाहिए। इस अवसर पर कलेक्टर  निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर, जिला पंचायत के सीईओ  हरेश मण्डावी, नगर पालिका कांकेर के अध्यक्ष  अरूण कौशिक सहित विभिन्न वार्डों के पार्षद और नगरवासी उपस्थित थे।

इसके पश्चात उन्होंने अमोड़ा-नरहरपुर मार्ग चौड़ीकरण एवं डामरीकरण कार्य का औचक निरीक्षण किया। उप मुख्यमंत्री ने सड़क निर्माण की धीमी गति को लेकर नाराजगी जाहिर की तथा कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग और संबंधित निर्माण एजेंसी के ठेकेदार को जल्द से जल्द कार्य को पूर्ण करने के लिए अतिरिक्त मानव संसाधन व मशीन उपकरण लगाने के निर्देश दिए। इस दौरान बताया गया कि उक्त 16 किलीमीटर लंबी सड़क के निर्माण की पूर्णता अवधि फरवरी 2027 को निर्धारित है तथा वर्तमान में पुलियों का निर्माण किया जा रहा है। इस पर श्री साव ने कहा कि बारिश प्रारंभ होते ही निर्माण कार्य रूक जाएगा, अतः इससे पहले यथासंभव संसाधन जुटाकर हर हाल में कार्य प्रारंभ करें। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

You might also like!


RAIPUR WEATHER